
खराब सड़क से आम जनता परेशान, नहीं हो रहा परेशानी का समाधान
कैलौरा चौराहा - बरवाना मार्ग। ख़राब सडक की वजह से रोज होते हैं हादसे
हाथरस। कैलौरा चौराहा से बरवाना मार्ग कई सालों से खराब है, अभी तक सड़क की मरम्मत के लिए कोई कदम नहीं उठाए गए। जिम्मेदार जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं खराब सड़क के कारण लोगों को बहुत समस्या का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि यह सड़क हर साल खराब होती है हर बार मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति कर दी जाती है। उक्त सड़क पर गड्ढे बढ़ने, सड़क पर दरार आने, और कई स्थानों पर सड़क के दबने से डामर की टेकरीयाँ बनने के कारण तेज रफ्तार वाहन असंतुलित हो रहे हैं। सड़क की हालत इतनी खराब है कि हर रोज कोई न कोई दुर्घटना हो जाती है। यह सडक बघराया, महासिंहपुर, महौ, मोहब्बतपुरा, केशोंपुर आदि गाँव से हो कर निकलती है। सडक के आस पास के गाँव की आम जनता को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को जनता की समस्या पर ध्यान देना चाहिए लेकिन वे ऐसा नहीं करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित विभाग को कई बार अवगत कराया है, लेकिन आज तक उनकी समस्या का कोई भी समाधान नहीं हो पाया। खराब सड़क पर चलते कई बार लोग गुजरते हुए गिरकर चोटिल भी हो जाते हैं। प्रशासनिक अधिकारी व जनप्रतिनिधि भी इस सड़क से होकर कई बार गुजरे हैं लेकिन किसी के द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जाता। इस सड़क से होकर हजारों लोगों का रोज का आना जाना है। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि सडक की हालत इतनी ख़राब है कई बार महिलाओं को डिलीवरी के लिए इस सडक से होकर अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही डिलीवरी हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि वह कई बार शासन और प्रशासन को ज्ञापन के माध्यम से इस सड़क की हालत के बारे में अवगत करा चुके हैं लेकिन अभी तक कोई भी कार्यवाही नहीं की गई है। कार्यवाही के नाम पर हर साल सड़क का मरम्मती करण करके खानापूर्ति कर दी जाती है।




