IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमों के बीच अब तक 206 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं। इसमें से भारत ने 70 में जीत हासिल की है, 87 मुकाबलों में हार झेली है।
एशिया कप 2022 के दूसरे मैच में दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान की टीमें 28 अगस्त को आमने-सामने होंगी। दोनों टीमें करीब एक साल बाद भिड़ेंगी। इससे पहले दोनों की भिड़ंत पिछले साल 24 अक्टूबर 2021 को हुई थी। वह आईसीसी टी20 विश्व कप का मैच था। उस मैच में भारत को पाकिस्तान से 10 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी।
पाकिस्तान के खिलाफ मैच से विराट कोहली भी वापसी करेंगे। वह इस मैच से पुरानी लय हासिल करना चाहेंगे। विराट कोहली नवंबर 2019 तक 70 अंतरराष्ट्रीय शतक लगा चुके थे। हालांकि, उसके बाद से उन्होंने एक भी शतक नहीं लगाया है। फैंस को उनके 71वें अंतरराष्ट्रीय शतक का इंतजार है।
ओवरऑल बात करें तो भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक 206 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं। इसमें से भारत ने 70 में जीत हासिल की है, 87 मुकाबलों में हार झेली है। वहीं, 38 मैच ड्रॉ रहे हैं, एक टाई रहा और 4 का नतीजा नहीं निकला, जबकि 6 मैच रद्द करने पड़े।
भारत और पाकिस्तान के बीच 1952 से 2007 के बीच 59 टेस्ट खेले गए। इनमें से भारत ने 9 जीते, जबकि 12 में हार झेली और 38 मैच ड्रॉ रहे। वहीं, एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की बात करें तो दोनों के बीच 1978 से अब तक 132 मैच खेले गए हैं।



