हाथरस में असंतुलित होकर बस पलटी, 5 यात्री घायल
असंतुलित बस ने पहले बाइक सवार को मारी टक्कर, बाइक सवार की मौके पर हुई मौत
हाथरस में आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, मथुरा से शाहजहांपुर जा रही डबल डेकर बस असंतुलित होकर एक बाइक सवार से टकरा गई और उसके बाद बस का संतुलन बिगड़ने से वह पलट गई। जिसमें पांच यात्रियों के घायल होने की सूचना सामने आ रही है।
आज सुबह मथुरा से शाहजहांपुर की ओर जा रही डबल डेकर बस ने पहले बाइक सवार एक युवक को रौंदा जिससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार 32 वर्षीय युवक एजाज खान पुत्र छोटे खान कोतवाली हाथरस गेट के गांव टुकसान का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि मथुरा से शाहजहांपुर जा रही डबल डेकर बस जैसे ही गांव एवरनपुर के पास पहुंची तो अचानक से बस असंतुलित हो गई और बाइक सवार को रोंदते हुए पलट गई। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई और बस में बैठे पांच यात्री घायल हो गए जिनको उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया है। हादसे के बाद मौके पर गांव के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। प्रशासन को सूचना मिलने के बाद प्रशासन भी मौके पर पहुंच गया।



