
किसानों की मदद के लिए योगी सरकार ने अप्रूव किया 192 करोड़ का बजट
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार किसानों को राहत देने के लिए 192 करोड़ रुपये खर्च करेगी। यह रुपए खेत में खड़ी फसल, तैयार उपज के सुरक्षित भंडारण के लिए सरकार अगले पांच सालों में खर्च करेगी। इतना ही नहीं किसानों को रासायनिक एवं जैविक कीट रसायनों के लिए कृषि रक्षा इकाई से अनुदान दिया जाएगा। फसलों को सुरक्षित रखने के लिए बखारी पर 50 प्रतिशत अनुदान भी दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में मंगलवार (6 सितंबर, 2022) को यह फैसला लिया गया। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि किसानों के नुकसान को कम करने के लिए अगले पांच साल में 2022-23 से 2026-27 तक 192 करोड़, 57 लाख, 75 हजार रुपये योजना के तहत मंजूरी दी गई है
शाही ने कहा कि किसानों को योजना का लाभ देने के लिए सरकार ने मौजूदा वित्तीय वर्ष में 34 करोड़, 17 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे। हर साल किसानों को खरपतवार की वजह से 15-20 प्रतिशत, फसली रोगों से 26 प्रतिशत, कीट रोगों से 20 प्रतिशत, भंडारण की उचित व्यवस्था न होने से 7 प्रतिशत, चूहों से 6 प्रतिशत और अन्य कारणों से 8 प्रतिशत फसल खराब हो जाती है। इसी नुकसान को कम करने के लिए सरकार ने कैबिनेट में यह निर्णय लिया है।



