खेल जगतदेश

भारत ने की पाकिस्तान के खिलाफ जीत दर्ज

भारत ने रविवार को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ रोमांचक जीत दर्ज की। भारत को 148 रन का लक्ष्य मिला था।

भारत ने एशिया कप 2022 में रोमांचक आगाज किया है। भारत ने रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ 5 विकेट से जीत हासिल की। पाकिस्तान ने दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 148 रन का लक्ष्य रखा, जिसे भारत ने 19.4 ओवर में 5 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने पाकिस्तान से पिछले साल टी20 विश्व कप में मिली हार का हिसाब चुकता कर लिया है। भारत को तब दुबई के मैदान पर पाकिस्तान ने 10 विकेट से हराया था।

 

ऐसा रहा भारतीय पार पारी का हाल

 

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज केएल राहुल बिना खाता खोले पहले ओवर में विकेट गंवा बैठे। उन्हें डेब्यूटेंट नसीम शाह ने बोल्ड किया। कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली ने दूसरे विकेट के लिए 49 रन की अहम साझेदारी की। हालांकि, रोहित लय में नजर नहीं आए और 18 गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने एक छक्का लगाया। रोहित को आठवें ओवर में मोहम्मद नवाज ने इफ्तिखार अहमद के हाथों लपकवाया।

भारत का तीसरा विकेट विराट कोहली के तौर पर गिरा, जो 10वें ओवर में पवेलियन लौटे। उन्हें भी नवाजा ने इफ्तिखार के हाथों कैच कराया। कोहली ने 34 गेंदों में 35 रन जुटाए। उन्होंने 3 चौके और 1 सिक्स जड़ा। रवींद्र जडेजा और सूर्यकुमार यादव ने चौथे विकेट के लिए 36 रन की पार्टनरशिप की। यह साझेदारी नसीम ने 15वें ओवर में सूर्यकुमार को बोल्ड कर तोड़ी। उन्होंने 18 गेंदों में 18 रन बनाए। उन्होंने एक चौका मारा।

 

हार्दिक पांड्या ने लगाया विजयी छक्का

 

वहीं, भारत को पांचवां झटका जडेजा के रूप में 20वें ओवर की पहली गेंद पर लगा, जिन्हें नवाज ने बोल्ड किया। उन्होंने 29 गेंदों में 2 चौकों और 2 छक्कों की बदौलत 35 रन की पारी खेली। जडेजा ने हार्दिक पांड्या के साथ पांचवें विकेट के लिए 52 रन की दमदार साझेदारी की। जडेजा के जाने के बाद पांड्या ने भारत की जीत की नैया पार लगाई। भारत को आखिरी ओवर में जीत के लिए 7 रन की जरूरत थी। पांड्या ने छक्का लगाकर विजय दिलाई। पांड्या ने 17 गेंदों में नाबाद 33 रन जुटाए। उन्होंने 4 चौके और 1 सिक्स ठोका। दिनेश कार्तिक 1 रन बनाकर नाबाद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *